शेयरों के बदले में मिलेगा ज्यादा लोन: आरबीआई का बड़ा ऐलान
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार को हुई मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में कई अहम फैसले लिए. सबसे बड़ा ऐलान शेयरों और सिक्योरिटीज के बदले मिलने वाले लोन से जुड़ा है.
अब बैंक से शेयरों के बदले मिलने वाले लोन की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर सीधे 1 करोड़ रुपये कर दी गई है. वहीं, IPO फाइनेंसिंग लिमिट को भी 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये प्रति व्यक्ति कर दिया गया है. इसके साथ ही लिस्टेड डेट सिक्योरिटीज पर लोन की नियामक सीमा को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है.
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि ये कदम लोन की उपलब्धता बढ़ाने और बैंकिंग सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मजबूत बनाने के लिए उठाए गए हैं. उन्होंने बताया कि ये फैसले लोन प्रवाह को बेहतर करने के लिए घोषित 5 बड़े उपायों में से एक हैं. इसके अलावा, ग्राहकों की संतुष्टि बढ़ाने, विदेशी मुद्रा प्रबंधन को सरल बनाने और रुपये को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने के लिए कुल 22 और कदम उठाए गए हैं.
रेपो रेट को 5.5% पर स्थिर रखा गया है. फरवरी 2025 से अब तक कुल 100 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की जा चुकी है. अच्छी खबर यह है कि मुद्रास्फीति लगातार घटकर अगस्त 2025 में 2.07% पर पहुंच गई, जो पिछले 6 साल का सबसे निचला स्तर है.
Share this content:
