दिल्ली में सोने ने तोड़ा रिकॉर्ड, हर दिन 154 रुपये महंगा होकर 1.25 लाख की ओर
त्योहारी सीजन और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं। दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 1,100 रुपये उछलकर 1.21 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि मौजूदा रफ्तार को देखते हुए दिवाली तक सोना 1.25 लाख का आंकड़ा पार कर सकता है।
दिल्ली में 99.9% शुद्धता वाला सोना अब 1,21,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है, जबकि मंगलवार को यह 1,20,000 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 1,20,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो अब तक का सर्वकालिक उच्च स्तर है। इसके मुकाबले चांदी के दाम स्थिर बने हुए हैं और यह 1,50,500 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है।
पिछले एक साल में सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। साल 2024 के आखिरी कारोबारी दिन सोना 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम था, लेकिन अब तक यह 42,150 रुपये महंगा हो चुका है। इसका मतलब है कि साल 2025 में हर रोज़ औसतन 154 रुपये का इजाफा हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में फेस्टिव सीजन की डिमांड के अलावा रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका-चीन व्यापारिक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने सोने को महंगा बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में मामूली गिरावट देखी गई है। कॉमेक्स फ्यूचर्स में सोना 9.50 डॉलर फिसलकर 3,888 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। न्यूयॉर्क में स्पॉट गोल्ड भी 1.35 डॉलर गिरकर 3,864 डॉलर प्रति औंस पर दिखाई दे रहा है। यूरोप और ब्रिटेन में भी सोना थोड़ा कमजोर हुआ है। हालांकि, विदेशी बाजारों में यह गिरावट भारतीय बाजार पर असर डालती नहीं दिख रही है।
विश्लेषकों का अनुमान है कि दिवाली तक गोल्ड में और उछाल देखने को मिलेगा। हालांकि, त्योहारों के बाद मुनाफावसूली का दौर शुरू हो सकता है, जिससे कीमतें थोड़ी नरम पड़ेंगी। बावजूद इसके, सोने की दरें 1.30 से 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बनी रह सकती हैं। निवेशकों के लिए यह समय लंबे समय के लिए सोने में निवेश करने का सही मौका माना जा रहा है।
Share this content:
