April 17, 2026

सनकी आशिक की हैवानियत: चाकू से प्रेमिका को गोदा, पेट्रोल डालकर लगाई आग, फिर खुद को भी किया आग के हवाले

उत्तराखंड के रुड़की से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां बुग्गावाला थाना क्षेत्र के ग्राम बुधवा शहीद गांव में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। पहले उसने प्रेमिका को चाकू से बेरहमी से गोदा, फिर उस पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा आग के हवाले कर दिया। जब युवती आग की लपटों में तड़पने लगी, तो युवक ने खुद को भी आग लगा ली और अपना गला भी काट लिया।

स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई और किसी तरह दोनों को आग से बचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को तुरंत रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन हाल के दिनों में उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। युवती उत्तर प्रदेश के देवबंद थाना क्षेत्र की निवासी है और बुग्गावाला के एक रेस्टोरेंट में काम करती थी, जबकि आरोपी युवक मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया गया है।

फिलहाल पुलिस इस दर्दनाक मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना की असली वजह क्या थी। वहीं गांव में इस वीभत्स वारदात के बाद से डर और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!