सलमान खान की वजह से डूबने से बची थी अमिताभ बच्चन की फिल्म बागबान, 22 साल बाद खुला बड़ा राज
अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) हिंदी सिनेमा के ऐसे महानायक हैं जिनकी फिल्मों को हिट होने के लिए किसी सहारे की जरूरत नहीं होती। लेकिन 22 साल पहले उनकी एक फिल्म रिलीज से पहले ही संकट में फंस गई थी। डिस्ट्रीब्यूटर इसे खरीदने को तैयार नहीं थे और मेकर्स हताश हो चुके थे। उस वक्त सलमान खान (Salman Khan) ने ऐसा फैसला लिया, जिसने फिल्म की किस्मत ही बदल दी। नतीजा यह हुआ कि फिल्म न सिर्फ हिट बल्कि सुपरहिट साबित हुई।
दरअसल, हम बात कर रहे हैं साल 2003 में आई बागबान (Baghban) की। इस फैमिली ड्रामा को बी.आर. चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया था और निर्देशन रवि चोपड़ा ने किया था। फिल्म अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की जोड़ी पर आधारित थी। हालांकि उस दौर में डिस्ट्रीब्यूटर्स को यह फिल्म “ओल्ड फैशन” लगी और कोई इसे रिलीज करने के लिए तैयार नहीं हुआ।
फिल्ममेकर रवि चोपड़ा की पत्नी रेणु चोपड़ा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि बागबान पूरी तरह तैयार होने के बावजूद डिस्ट्रीब्यूटर्स ने हाथ खड़े कर दिए थे। अमिताभ बच्चन की फिल्में भी उस वक्त बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर रही थीं। ऐसे में किसी ने सलाह दी कि सलमान खान को फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस के लिए लिया जाए।
रवि चोपड़ा ने सलमान से मुलाकात की और उन्हें रोल सुनाया। सलमान को किरदार इतना पसंद आया कि उन्होंने बिना फीस लिए फिल्म करने का फैसला किया। उनका कहना था कि यह किरदार उन्हें अपने माता-पिता के रिश्ते जैसा लगा।
जैसे ही सलमान की एंट्री फिल्म में कन्फर्म हुई, डिस्ट्रीब्यूटर्स खुद फिल्म खरीदने के लिए आगे आ गए। नतीजा यह हुआ कि 10 करोड़ के बजट में बनी बागबान रिलीज होते ही थिएटर्स में हाउसफुल चलने लगी। लोगों की थिएटरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। फिल्म ने भारत में 20.65 करोड़ और वर्ल्डवाइड 43.11 करोड़ रुपये की कमाई की।
आज बागबान भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फैमिली फिल्मों में गिनी जाती है। लेकिन अगर सलमान खान उस वक्त कैमियो करने के लिए हामी न भरते, तो शायद यह फिल्म कभी दर्शकों तक न पहुंच पाती।
Share this content:
