सहारनपुर: 18 दिन बाद ढमोला नदी से मिला अमजद का शव, तीन टुकड़ों में मिली लाश; दोस्त फरमान पर हत्या का आरोप
सहारनपुर जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के शेखपुरा कदीम गांव में 18 दिन से लापता चल रहे युवक अमजद की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। शुक्रवार को ढमोला नदी से उसका क्षत-विक्षत शव मिला, जिसे तीन टुकड़ों में काटा गया था। यह वारदात 3 नवंबर को हुई थी और तब से अमजद लापता था। पुलिस की लगभग 20 किलोमीटर तक नदी में तलाश के बाद आखिरकार आज शव बरामद हुआ।
सुबह खेतों में काम कर रहे किसानों ने नदी में तैरता हुआ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने शव को बाहर निकाला। पानी में लंबे समय तक रहने के कारण पहचान करना मुश्किल था। सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब शव के दोनों पैर गायब मिले। बाद में तलाशी के दौरान करीब आधा किलोमीटर दूर बोरे से पैर के हिस्से बरामद किए गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में पुलिस ने फरमान, उसकी पत्नी रुखसार, साले अमजद, शमीम और समीर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी फरमान ने बताया कि उसकी पत्नी का अमजद के साथ अवैध संबंध था और इसी वजह से उसने हत्या की। हालांकि मृतक के परिवार और गांव के लोगों ने इस दावे को पूरी तरह झूठ बताया है। परिवार वालों का कहना है कि फरमान ठेकेदारी करता था और अमजद उसके पास काम करता था, लेकिन फरमान मजदूरी का पैसा नहीं देता था। करीब डेढ़ लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि अमजद की अभी शादी तक नहीं हुई थी, इसलिए अवैध संबंध वाली बात सिर्फ कहानी गढ़ने जैसा लग रहा है।
जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले आरोपियों ने अमजद को बेहोश करने के लिए गोली खिलाई। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शव को छिपाने के लिए जब बोरे में डालने की कोशिश हुई तो वह उसमें फिट नहीं हो रहा था, जिसके बाद कुल्हाड़ी से पैर काट दिए गए और शव को पुल से नदी में फेंक दिया गया।
शुरुआत से ही यह मामला संदिग्ध बना हुआ था। अमजद की मां रूबिना ने बताया था कि घटना वाले दिन वे फरमान के घर मौजूद थीं और उन्हें भीतर से चीखने की आवाज भी आई थी, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। जब अमजद देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी थी।
फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना ने गांव में दहशत फैला दी है और लोग इसे हाल के वर्षों का सबसे क्रूर हत्या कांड बता रहे हैं।
Share this content:
