April 30, 2026

रिलायंस इंडस्ट्रीज़ को अब तक का सबसे ऊंचा तिमाही मुनाफा, 78% की जोरदार उछाल

रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में ऐतिहासिक मुनाफा दर्ज करते हुए 26,994 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हासिल किया है। यह कंपनी के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक तिमाही लाभ है और इसमें साल-दर-साल 78.3% की जबरदस्त वृद्धि देखी गई है। इस मजबूत प्रदर्शन के पीछे उपभोक्ता व्यवसायों और निवेशों की बिक्री का बड़ा योगदान बताया गया है।

कंपनी के परिचालन से राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अप्रैल-जून तिमाही में यह आंकड़ा 5.26% बढ़कर 2.48 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 2.36 लाख करोड़ रुपये रहा था। वहीं पिछली तिमाही यानी जनवरी-मार्च 2025 की तुलना में भी शुद्ध लाभ में 39% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

कंपनी के मुताबिक, इस तिमाही में अन्य आय के रूप में 8,924 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है, जो सूचीबद्ध निवेशों की बिक्री से प्राप्त हुई है। रिलायंस के रिटेल और टेलीकॉम सेगमेंट – खासतौर पर जियो और विस्तारित स्टोर नेटवर्क – ने इस दौरान ग्राहकों की संख्या में इजाफा दर्ज किया और वित्तीय प्रदर्शन को मजबूती दी।

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और उत्पादन में कमी के चलते कंपनी के O2C (ऑयल टू केमिकल्स) सेगमेंट में 1.5% की गिरावट देखी गई। बावजूद इसके, Jio-BP नेटवर्क के ज़रिये घरेलू ईंधन उपयोग में हुई बढ़ोतरी ने इस घाटे को काफी हद तक संतुलित किया।

रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने तिमाही प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के बावजूद कंपनी ने वित्त वर्ष की शानदार शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि O2C व्यवसाय ने घरेलू मांग की पूर्ति के साथ-साथ वैल्यू एडेड समाधान देने में अहम भूमिका निभाई, जिससे समेकित EBITDA में सालाना मजबूती आई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!