April 19, 2026

रामपुर के बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बारात से लौट रहे पिता-पुत्र और बहू की ट्रक से कुचलकर मौत

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब केमरी थाना क्षेत्र के सुनारखेड़ा गांव निवासी मियां जान, उनके बेटे मोहम्मद आमीन और बहू शकीना बी बारात से लौट रहे थे। रविवार रात करीब 11 बजे ये तीनों दो बाइकों पर सवार होकर बिलासपुर से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। नैनीताल रोड पर स्थित धावनी हसनपुर गांव के पास मियां जान बाइक रोककर फोन पर किसी से बात करने लगे। उन्हें रुकता देख आमीन और उनकी पत्नी शकीना भी अपनी बाइक रोककर वहीं रुक गए। तभी बिलासपुर की ओर से आ रहा भूसे से भरा तेज रफ्तार ट्रक तीनों को रौंदता हुआ निकल गया।

इस भयावह हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बिलासपुर कोतवाल बलवान सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और ट्रक चालक को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक की लहर है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!