राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का मामला लगातार रहस्यमय होता जा रहा है। शुरुआती जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे मौत को लेकर संदेह गहराता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक मौत से पहले साध्वी के नाखून नीले पड़ गए थे और उन्हें इंजेक्शन लगाया गया था। घटना के समय मौके पर बेहद कम लोग मौजूद थे, जिसे जांच एजेंसियां संदिग्ध मान रही हैं।
मामले की जांच कर रही एसआईटी अब साध्वी के मोबाइल फोन पर खास ध्यान दे रही है। बताया जा रहा है कि साध्वी के पिता ने फोन का पासवर्ड देने से इनकार कर दिया है, जिससे जांच में रुकावट आ रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि फोन में ऐसे अहम सुराग हो सकते हैं, जो मौत के कारणों को स्पष्ट कर सकते हैं। इसी वजह से फोन और डिजिटल डेटा को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
एसआईटी इस पूरे मामले को जहर दिए जाने, ऑक्सीजन की कमी, चिकित्सकीय लापरवाही या किसी साजिश के एंगल से जांच रही है। इसके साथ ही साध्वी प्रेम बाईसा की अजमेर यात्रा, मौत से पहले के आखिरी तीन दिनों की गतिविधियां और उनकी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Share this content:
