जाति जनगणना और पहलगाम हमले पर राहुल गांधी का बड़ा बयान
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार के जातिगत जनगणना के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस निर्णय का समर्थन करती है, लेकिन सरकार को इसकी स्पष्ट टाइमलाइन बतानी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि जाति जनगणना की डिजाइन कांग्रेस तैयार करेगी और इसके लिए तेलंगाना मॉडल को आधार बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि तेलंगाना की जाति जनगणना एक प्रभावी खाका बन सकती है, जिससे विकास का एक नया प्रतिमान सामने लाया जा सकेगा। राहुल ने यह भी कहा कि बिहार और तेलंगाना की रूपरेखाओं में काफी अंतर है, और कांग्रेस एक ठोस फ्रेमवर्क प्रस्तावित करना चाहती है।
उन्होंने यह भी दोहराया कि संसद में कांग्रेस पहले ही कह चुकी है कि वह जाति जनगणना को पूरा करवाएगी और 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को तोड़ने के पक्ष में है, जिसे उन्होंने एक “कृत्रिम दीवार” बताया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी वे कहते थे कि देश में सिर्फ चार जातियां हैं, लेकिन अब सरकार को जवाब देना होगा कि जाति जनगणना में इतनी देरी क्यों हुई।
राहुल गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भी बड़ा बयान दिया और केंद्र सरकार से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब एक्शन लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ओबीसी, दलितों और आदिवासियों की सत्ता संरचनाओं और संस्थानों में भागीदारी को लेकर केंद्र से जवाब मांगा जाएगा।
Share this content:
