May 1, 2026

बैर की राजनीति नहीं करती बीजेपी, राहुल गांधी को मिली धमकी पर बोले राजीव चंद्रशेखर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एक टीवी डिबेट के दौरान जान से मारने की धमकी देने वाले बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। यह टिप्पणी बीजेपी प्रवक्ता प्रिंटु महादेवन ने केरल में एक चैनल की बहस के दौरान की थी। उन्होंने राहुल गांधी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा था कि उनके सीने में गोली मार दी जाएगी। इस बयान के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया और पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए।

 

इस मामले पर अब केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर का बयान सामने आया है। दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि पार्टी अपने प्रवक्ता की इस टिप्पणी का समर्थन नहीं करती। चंद्रशेखर ने कहा कि बीजेपी की राजनीति विकास और विचारधारा पर आधारित है, व्यक्तिगत बैर पर नहीं। उन्होंने माना कि गुस्से और आवेश में कही गई ऐसी बातें अस्वीकार्य हैं और पार्टी इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं करती।

 

राजीव चंद्रशेखर ने आगे कहा कि “हमारी लड़ाई विचारधारा और विकास की है। हम काम करने की राजनीति करते हैं, किसी के खिलाफ व्यक्तिगत बैर नहीं रखते।” उन्होंने दोहराया कि पार्टी इस तरह के किसी भी बयान को सही नहीं ठहराती और भविष्य में भी ऐसे बयानों से दूरी बनाए रखेगी। उनका यह बयान बीजेपी की ओर से एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि पार्टी आधिकारिक तौर पर प्रवक्ता की टिप्पणी से सहमत नहीं है।

 

दरअसल, 26 सितंबर को हुई बहस में प्रिंटु महादेवन ने बांग्लादेश और नेपाल में हुए प्रदर्शनों को लेकर कहा था कि भारत में इस तरह का माहौल संभव नहीं है क्योंकि यहां जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करती है। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी को लेकर विवादित धमकी दे डाली। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने इस पर कड़ा रुख अपनाया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की।

 

29 सितंबर को प्रिंटु महादेवन पुलिस के सामने पेश हुए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी में देरी के लिए केरल सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ माकपा और बीजेपी के बीच “गुप्त गठबंधन” है। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति को और ज्यादा गरमा दिया है और बीजेपी को सफाई देने पर मजबूर कर दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!