May 1, 2026

जब हीरो नहीं, खलनायक बनकर छाए थे अक्षय कुमार, ‘अजनबी’ के लिए जीता था बेस्ट विलेन अवॉर्ड

बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार का करियर हमेशा उनकी ‘हीरोगिरी’ और जबरदस्त एक्शन के लिए याद किया जाता है। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि अक्षय ने बड़े पर्दे पर विलेन बनकर भी उतनी ही तारीफें बटोरी हैं। 2001 में आई फिल्म अजनबी में अक्षय कुमार ने ऐसा निगेटिव किरदार निभाया था कि इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट विलेन अवॉर्ड मिला। यह उनके करियर का ऐसा पड़ाव था, जिसने साबित कर दिया कि अक्षय सिर्फ हीरो नहीं बल्कि हर तरह के रोल में फिट हो सकते हैं।

 

अक्षय कुमार ने अपने करियर की शुरुआत 1991 में फिल्म सौगंध से की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक्शन, कॉमेडी, रोमांस से लेकर ड्रामा तक लगभग हर शैली में काम किया। लेकिन जब बात निगेटिव रोल की आई तो उन्होंने यहां भी खुद को साबित कर दिखाया। अजनबी उनकी ऐसी ही फिल्म थी, जिसमें उन्होंने ग्रे शेड वाले किरदार से दर्शकों को चौंका दिया।

 

इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ बॉबी देओल, करीना कपूर खान और बिपाशा बसु मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। दिलचस्प बात यह है कि अजनबी बिपाशा बसु की डेब्यू फिल्म भी थी, जिसमें उन्होंने भी निगेटिव रोल निभाया था। फिल्म की कहानी सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर थी और अक्षय ने विक्रम बजाज नाम के किरदार को जिस अंदाज में निभाया, उसने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी।

 

फिल्म का निर्देशन अब्बास-मस्तान की जोड़ी ने किया था, जो अपनी थ्रिलर फिल्मों के लिए मशहूर रहे हैं। अजनबी में दिलीप ताहिल, जॉनी लीवर और शरत सक्सेना जैसे कलाकार भी थे। अक्षय कुमार के शानदार अभिनय ने इस फिल्म को खास बना दिया और उन्हें पहली बार बेस्ट विलेन के फिल्मफेयर अवॉर्ड से नवाजा गया।

 

वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय इन दिनों जॉली एलएलबी 3 में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिकाओं में हैं। 19 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने सिर्फ 12 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 97 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो एक बार फिर अक्षय कुमार की स्टार पावर को दर्शाता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!