प्रेग्नेंसी के दौरान हीमोग्लोबिन की जांच क्यों है बेहद जरूरी, जानें एक्सपर्ट्स की सलाह
गर्भावस्था के दौरान महिला के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं, जिनमें खून की मात्रा बढ़ना एक सामान्य प्रक्रिया है। लेकिन इसी समय हीमोग्लोबिन का स्तर घटने की संभावना भी रहती है। हीमोग्लोबिन हमारे रेड ब्लड सेल्स में पाया जाने वाला एक प्रोटीन है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन को शरीर के हर हिस्से तक पहुंचाने का काम करता है। इसलिए प्रेग्नेंसी के दौरान इसका संतुलित रहना मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी माना जाता है।
आरएमएल हॉस्पिटल की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सलोनी चड्ढा बताती हैं कि गर्भावस्था के समय महिला के शरीर को अधिक खून और पोषण की जरूरत होती है ताकि भ्रूण का विकास सही तरीके से हो सके। लेकिन अगर हीमोग्लोबिन का स्तर कम हो जाए, तो शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। इसके कारण मां को कमजोरी, थकान, सिरदर्द और चक्कर जैसी समस्याएं होने लगती हैं। वहीं गंभीर स्थिति में यह हार्ट और फेफड़ों पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है, जिससे गर्भवती महिला और शिशु दोनों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर समय रहते हीमोग्लोबिन की जांच न कराई जाए, तो इससे बच्चे का विकास प्रभावित हो सकता है और डिलीवरी के समय जटिलताएं जैसे अधिक ब्लीडिंग या प्रीमेच्योर डिलीवरी का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए डॉक्टर गर्भावस्था के दौरान नियमित ब्लड टेस्ट कराने और हीमोग्लोबिन का स्तर मॉनिटर करने की सलाह देते हैं।
डॉ. चड्ढा के अनुसार, प्रेग्नेंट महिलाओं को अपने भोजन में आयरन और फोलिक एसिड से भरपूर चीजें जरूर शामिल करनी चाहिए। जैसे—पालक, हरी सब्जियां, दालें, अनार, गुड़, और सूखे मेवे। साथ ही विटामिन-सी युक्त फल जैसे संतरा और आंवला का सेवन करना चाहिए, जिससे शरीर में आयरन का अवशोषण बेहतर हो सके।
इसके अलावा, डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही आयरन सप्लीमेंट लेना चाहिए। बिना परामर्श के दवाएं खाने से नुकसान हो सकता है। पर्याप्त नींद लेना, पानी पीना और तनाव से बचना भी जरूरी है ताकि शरीर स्वस्थ रहे और इम्यूनिटी मजबूत बनी रहे।
यदि गर्भवती महिला को बार-बार चक्कर, थकान या कमजोरी महसूस हो रही हो, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। नियमित जांच और सही खानपान से हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य बना रहेगा, जिससे मां और बच्चे दोनों सुरक्षित और स्वस्थ रहेंगे।
Share this content:
