दिल्ली विधानसभा में हंगामा: मंत्री प्रवेश वर्मा के बयान से मचा बवाल
दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार को उस वक्त हंगामे के हालात बन गए जब मंत्री प्रवेश वर्मा ने सदन में एक चौंकाने वाला दावा किया। प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की हार से आम आदमी पार्टी (AAP) के कई विधायक भीतर ही भीतर खुश हैं। उनके इस बयान के बाद सदन में जोरदार विरोध हुआ।
नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने इस बयान को चुनौती देते हुए कहा कि अगर ऐसा है तो उन विधायकों के नाम सदन में बताए जाएं। इस पर प्रवेश वर्मा ने कहा, “मुझसे मिलने वाले AAP के कई विधायकों ने खुद कहा कि वे खुश हैं, लेकिन मुझसे वादा लिया कि मैं उनके नाम उजागर न करूं।”
AAP विधायकों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया। संजीव झा ने मंत्री को जवाब देते हुए कहा, “सदन में बेबुनियाद बातें नहीं चलेंगी, आपको नाम बताने होंगे।” जवाब में वर्मा ने कहा कि अगर उन्होंने किसी विधायक का नाम ले लिया तो उनकी कसम टूट जाएगी।
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे, और इस सीट से प्रवेश वर्मा ने जीत दर्ज की थी।
महिलाओं को 2500 रुपये देने पर क्या बोले मंत्री?
AAP विधायक सुरेंद्र कुमार के सवाल के जवाब में प्रवेश वर्मा ने बताया कि इस योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। एक चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, और जल्द ही भुगतान शुरू होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आप आज समय सीमा पूछ रहे हैं, लेकिन यह सवाल आपको अपने पूर्व मुख्यमंत्री से भी पूछना चाहिए था, जिन्होंने पहले 1000 रुपये देने की घोषणा की थी।”
विधानसभा में हुए इस हंगामे ने राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि इस बयानबाजी का क्या
असर पड़ता है।
Share this content:
