June 11, 2026

प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप की मुलाकात से भारतीय शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 230 अंकों की उछाल के साथ खुला

बाजार में लंबे समय बाद गिरावट के बाद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार शानदार तेजी के साथ खुला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात का सकारात्मक असर आज बाजार पर नजर आ रहा है। बीएसई सेंसेक्स 230 अंकों की बढ़त के साथ 76,325 पर और निफ्टी 65 अंकों की उछाल के साथ 23,096 अंकों पर खुला है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन तेजी का रुझान बना हुआ है।

गिफ्ट निफ्टी और एशियाई बाजारों में दिखी मजबूती

भारतीय शेयर बाजार के तेजी से खुलने के संकेत पहले ही मिल चुके थे। गिफ्ट निफ्टी 92 अंकों की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख दिखा। हैंगसेंग 509 अंकों की उछाल के साथ कारोबार कर रहा था, और कोस्पी, जर्काता व शंघाई बाजारों में भी तेजी देखी जा रही थी।

ग्लोबल बाजारों का असर

अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते व्यापारिक रिश्तों का असर अमेरिकी बाजारों में भी देखा गया, जहां Dow Jones 342.87 अंकों की बढ़त के साथ 44,711.43 पर बंद हुआ, और S&P 500 में 1 फीसदी की तेजी आई। इस सकारात्मक रुझान ने भारतीय बाजार को भी प्रेरित किया।

भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों में वृद्धि का वादा

प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिकी दौरे के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार भारत के साथ मिलकर कुछ बड़ी ट्रेड डील्स का ऐलान करेगी, जिसमें अमेरिकी तेल और गैस की खरीद भी शामिल है। दोनों देशों ने 2024 में 129.2 बिलियन डॉलर का कारोबार किया है, और अब 2030 तक इसे बढ़ाकर 500 बिलियन डॉलर करने का लक्ष्य रखा गया है।

पिछले दिन का बाजार रुझान

गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार सपाट बंद हुए थे। सेंसेक्स 32 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 76,138 पर और निफ्टी 13 अंकों की गिरावट के साथ 23,031 पर बंद हुआ था। निवेशकों की नजर आज मोदी-ट्रंप की मुलाकात पर थी, जिसके बाद बाजार में यह तेजी आई।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!