पहलगाम हमले का असर: 16 साल बाद मिलने जा रहे भोपाल के ओवैज की पाकिस्तानी दुल्हन से मुलाकात पर लगी रोक
भारत और पाकिस्तान के बीच सरहद पर बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जिंदगियों पर भी साफ नजर आने लगा है। मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी हार्डवेयर इंजीनियर ओवैज खान की निजी जिंदगी भी इस तनाव की भेंट चढ़ गई है। 34 वर्षीय ओवैज खान अपनी पाकिस्तानी पत्नी हिरा को लाने के लिए 9 मई को कराची जाने वाले थे, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीमा पर आवाजाही पर लगी रोक के चलते उनका वीजा रद्द कर दिया गया। इस वजह से अब ओवैज अपनी पत्नी से मिलने नहीं जा पा रहे।
ओवैज खान और हिरा की पहली मुलाकात साल 2009 में भोपाल में हुई थी, जब हिरा अपने ननिहाल आई थीं। पहली नजर में ही दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था, लेकिन हिरा वापस पाकिस्तान चली गईं। इसके बाद से दोनों ने संपर्क बनाए रखा, हालांकि 2013 के बाद वे कभी आमने-सामने नहीं मिले। 9 मार्च 2024 को दोनों ने ऑनलाइन निकाह कर लिया था। 38 वर्षीय हिरा कराची में रहती हैं और पिछले साल उनके माता-पिता का देहांत हो गया था।
ओवैज ने बताया कि इससे पहले भी पुलवामा हमले के दौरान उनके रिश्ते पर असर पड़ा था और अब पहलगाम हमले के बाद एक बार फिर वही हालात बन गए हैं। ओवैज और हिरा दोनों को उम्मीद थी कि जल्द ही वे एक साथ जिंदगी की नई शुरुआत कर पाएंगे, लेकिन सीमा पर तनाव ने उनके इस सपने को अधूरा छोड़ दिया।
Share this content:
