April 21, 2026

आपदा में अवसर: कराची जेल की दीवार में भूकंप से आई दरार, कई कैदी तोड़कर हुए फरार

पाकिस्तान के कराची शहर में भूकंप ने जहां लोगों के लिए मुसीबतें बढ़ाईं, वहीं मलीर जेल में बंद कई कैदियों के लिए यह एक मौका बन गया. भूकंप के झटकों से जेल की दीवारों में दरारें आ गईं, जिनका फायदा उठाकर कई कैदी फरार हो गए. कराची के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) मोहम्मद हसन सेहतो के अनुसार, भूकंप के बाद कैदी बैरकों से बाहर निकल आए और जेल के गेट को तोड़कर सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया. उन्होंने जेलकर्मियों से हथियार भी छीन लिए, जिसके बाद पुलिस और कैदियों के बीच गोलीबारी हुई. इस झड़प में एक कैदी घायल हुआ है.

जेल अधीक्षक अरशद हुसैन ने इस घटना की पुष्टि की है. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. कराची की लांधी जेल से भागे कैदियों की तलाश में पुलिस ने विभिन्न इलाकों जैसे कजाफी टाउन, शाह लतीफ और भैंस कॉलोनी में सघन तलाशी अभियान चलाया. अब तक 20 से ज्यादा फरार कैदियों को फिर से गिरफ्तार किया जा चुका है. जेल के बाहर रेंजर्स को तैनात कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी ली जा रही है.

यह घटना कराची में 24 घंटे के भीतर आए दसवें भूकंप के झटके के दौरान हुई, जिसकी तीव्रता 2.4 मापी गई थी. मौसम विभाग के अनुसार, कराची किर्थर फॉल्ट लाइन के पास स्थित है, जिससे वहां छोटे भूकंप आना सामान्य बात है.

सिंध प्रांत के जेल मंत्री अली हसन जरदारी ने इस गंभीर घटना पर संज्ञान लेते हुए जेल महानिरीक्षक और डिप्टी महानिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी है. उन्होंने जेल के चारों ओर घेराबंदी का आदेश दिया है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भागे हुए सभी कैदियों को जल्द से जल्द पकड़ना होगा. साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं जेल प्रशासन की कोई लापरवाही तो इस घटना का कारण नहीं बनी.

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!