मुरादाबाद: हनीट्रैप कर रंगदारी वसूलने वाले गैंग का भंडाफोड़, यूपी पुलिस का हेड कांस्टेबल भी शामिल
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में थाना कटघर पुलिस ने हनीट्रैप कर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले गैंग का पर्दाफाश किया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि गैंग में एक उत्तर प्रदेश पुलिस का हेड कांस्टेबल भी शामिल था, जो संगठित अपराध में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
जानकारी के अनुसार, सम्भल निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे हनीट्रैप में फंसा कर और झूठे बलात्कार केस की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित की और आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।
पुलिस ने आरोपियों मो. फैसल, मिर्जा रिजवान बैग, हेड कांस्टेबल रामपुर और इकरा को गिरफ्तार किया। फरार आरोपी बाबर की तलाश जारी है। जांच में यह पता चला कि आरोपियों ने पहले ही पीड़ित से 35 हजार रुपये वसूले थे, जिसमें से 14,000 रुपये हेड कांस्टेबल रिजवान के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
गिरोह के मुख्य आरोपी फैसल पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था और लोगों को जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठता था। गिरफ्तार आरोपियों से नकद राशि भी बरामद की गई है और बाकी रकम जल्द ही जब्त की जाएगी।
कटघर थाना पुलिस टीम की तत्परता की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस फिलहाल गैंग के नेटवर्क की पड़ताल और फरार आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी हुई है, ताकि इस तरह के संगठित अपराध को रोका जा सके।
Share this content:
