मुरादाबाद में खौफनाक वारदात: पत्नी की ईंट से हत्या कर खुरपी से सिर काटा, धड़ घर में दबाया, सिर नदी किनारे फेंका
मुरादाबाद – यूपी के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ट्रक ड्राइवर ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर न सिर्फ उसका सिर धड़ से अलग कर दिया, बल्कि वारदात को छिपाने के लिए सिर को नदी किनारे फेंक दिया और धड़ को घर में ही दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पूरा मामला
घटना मझोला थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर चौकी की है, जहां मूल रूप से भगतपुर थाना क्षेत्र की निवासी तबस्सुम नामक महिला पिछले कुछ समय से रह रही थी। एक साल पहले तबस्सुम को अपने मकान में मरम्मत का काम कराना था, जिसके लिए किसी जानकार ने शानेआलम नामक व्यक्ति का नंबर दिया। शुरुआती बातचीत के बाद तबस्सुम और शानेआलम के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने दूसरी शादी कर ली।
शानेआलम की पहली शादी से एक 7 साल की बेटी है, जबकि तबस्सुम की पहले पति से 5 संतानें हैं।
हत्या की वजह: प्रॉपर्टी विवाद
जानकारी के मुताबिक, तबस्सुम जिस मकान में रह रही थी, वह उसके पिता की ओर से दिया गया था और दस्तावेज़ों में उसके नाम था। इसी मकान को लेकर तबस्सुम और शानेआलम के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे। आरोपी इस संपत्ति को अपने नाम करवाना चाहता था, लेकिन तबस्सुम इसके लिए तैयार नहीं थी।
12 अप्रैल को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर शानेआलम ने पत्नी पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुरपी से महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया। सिर को गांगन नदी के किनारे फेंक दिया और धड़ को घर में खुदाई कर दफना दिया।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
काफी दिनों तक तबस्सुम का पता न चलने पर उसके परिचितों ने पुलिस को जानकारी दी। जांच में जुटी पुलिस ने जब संदिग्ध शानेआलम से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सिर और धड़ को बरामद कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
Share this content:
