मुंबई में बॉबी देओल का नया धमाका तय, 19 अक्टूबर को दिखेगा ‘प्रोफेसर व्हाइट नॉइस’ अवतार
बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल इन दिनों अपनी दमदार एक्टिंग और यूनिक किरदारों को लेकर सुर्खियों में हैं. ‘एनिमल’ के बाद उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और अब एक बार फिर वह दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं. हाल ही में आर्यन खान की सीरीज Bads of Bollywood में अजय तलवार का किरदार निभाने के बाद, बॉबी ने अपने अगले प्रोजेक्ट की झलक दिखा दी है. एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर नया लुक शेयर करते हुए बताया कि वे ‘प्रोफेसर व्हाइट नॉइस’ के रोल में नजर आने वाले हैं.
पोस्टर में बॉबी देओल का एकदम नया अवतार देखने को मिला — लंबे बाल, गॉगल्स और बैकग्राउंड में युद्ध जैसे टैंक और हेलीकॉप्टर. इस पोस्टर पर लिखा है “Coming Soon”, और कैप्शन में उन्होंने लिखा, “पॉपकॉर्न ले आओ, शो शुरू होने वाला है.” साथ ही 19 अक्टूबर की तारीख बताई है, जब उनके नए प्रोजेक्ट का खुलासा होगा. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह फिल्म होगी, वेब सीरीज या किसी बड़े ब्रांड का एड, लेकिन उनके लुक और रहस्यमयी पोस्ट ने फैंस में जबरदस्त उत्सुकता बढ़ा दी है.
बॉबी देओल के इस लुक पर सेलेब्स और फैन्स ने खूब कमेंट किए हैं. अभिनेता राहुल देव और विंदु दारा सिंह ने भी इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है. सोशल मीडिया पर यह पोस्टर वायरल हो चुका है और फैंस अब गिनती के दिन गिन रहे हैं.
इस बीच, बॉबी देओल की एक और फिल्म ‘अल्फा’ साल के अंत में रिलीज होने वाली है, जिसमें वे विलेन के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट, अनिल कपूर और शरवरी वाघ जैसे बड़े सितारे हैं. वहीं खबर है कि रणवीर सिंह और साउथ एक्ट्रेस श्रीलीला के साथ भी बॉबी ने एक प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी कर ली है, जिसका ऐलान जल्द हो सकता है.
19 अक्टूबर को ‘प्रोफेसर व्हाइट नॉइस’ के रूप में बॉबी देओल क्या धमाका करने वाले हैं, यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि इस बार भी उनका अंदाज फैंस को हैरान करने वाला होगा.
Share this content:
