68 की उम्र में भी बिज़नेस साम्राज्य बढ़ा रहे मुकेश अंबानी, 75 हजार करोड़ से 17 लाख करोड़ तक की छलांग!
मुकेश अंबानी का नाम आज देश-दुनिया में एक ऐसे उद्योगपति के रूप में लिया जाता है जिसने न सिर्फ अपने पिता की विरासत को संभाला, बल्कि उसे एक नए मुकाम तक पहुँचाया। 19 अप्रैल 1957 को ब्रिटिश क्राउन कॉलोनी अदन (अब यमन) में जन्मे मुकेश अंबानी आज 68 वर्ष के हो गए हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई मुंबई के हिल ग्रेंज हाई स्कूल में हुई, इसके बाद उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (ICT) से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। वे आगे की पढ़ाई के लिए स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी गए, लेकिन 1981 में अपने पिता धीरूभाई अंबानी के साथ व्यवसाय में शामिल होने के लिए भारत लौट आए।
1980 के दशक में जब भारत में पेट्रोकेमिकल्स सेक्टर उभर रहा था, मुकेश अंबानी ने यहीं से अपनी कारोबारी यात्रा शुरू की। उन्होंने रिलायंस को एक पारंपरिक टेक्सटाइल कंपनी से बदलकर पेट्रोकेमिकल्स और रिफाइनिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी बना दिया। जमनगर स्थित दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी उनके विजन की गवाही देती है। वर्ष 2002 में जब उनके पिता का निधन हुआ, तब उन्होंने रिलायंस की कमान संभाली और पीछे मुड़कर नहीं देखा। उस वक्त कंपनी का मार्केट कैप 75,000 करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर 17.26 लाख करोड़ रुपये हो चुका है। रिलायंस अब पेट्रोलियम, रिटेल, टेलीकॉम और ग्रीन एनर्जी सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय है।
धीरूभाई अंबानी ने रिलायंस की नींव रखी थी, लेकिन उसे नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में मुकेश अंबानी की दूरदर्शिता और मेहनत की बड़ी भूमिका रही है। रिलायंस आज न केवल तेल और गैस के क्षेत्र में बल्कि डिजिटल, रिटेल, मोबाइल और हरित ऊर्जा में भी अपना दबदबा कायम कर चुकी है। उन्होंने जियो के माध्यम से टेलीकॉम सेक्टर में क्रांति ला दी और जियोमार्ट से रिटेल बिजनेस में भी बड़ी पकड़ बनाई।
हालांकि मुकेश अंबानी की राह कभी भी आसान नहीं रही। उन्हें रिलायंस ग्रुप के बंटवारे, स्पेक्ट्रम विवाद, और पेट्रोलियम प्राइसिंग को लेकर विवादों का सामना करना पड़ा। फिर भी उन्होंने कभी सार्वजनिक बयानबाज़ी के बजाय अपने काम और परिणामों से आलोचकों को जवाब दिया। आज उनके नेतृत्व में रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी बन चुकी है। मुकेश अंबानी की यह यात्रा न केवल प्रेरणादायक है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल भी है।
Share this content:
