मध्य प्रदेश के मऊगंज में देवर-भाभी ने बहुती वाटरफॉल में कूदकर की आत्महत्या, वीडियो में भरी मांग फिर लगाई छलांग
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग में उलझे देवर और भाभी ने बहुती वाटरफॉल में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले देवर ने भाभी की मांग में सिंदूर भरते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इस वीडियो ने रिश्तों की मर्यादाओं को झकझोर दिया और इलाके में सनसनी फैला दी।
वीडियो में देखा गया कि देवर ने भाभी की मांग भरने के दौरान एक दर्दभरा गाना भी बैकग्राउंड में जोड़ा – “भीड़ है कयामत की और हम अकेले हैं…” इसके बाद दोनों ने एक साथ बहुती वाटरफॉल में छलांग लगा दी। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय दिनेश साहू और 35 वर्षीय शंकुतला साहू के रूप में हुई है। वीडियो में दिनेश ने अपने परिवार के ही कई लोगों को आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया है।
दिनेश ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि हीरालाल साहू, राजेंद्र साहू, संतोष साहू, राजकुमार साहू और उनके परिवार के अन्य सदस्य उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उसने हाथ जोड़कर सरकार से इन सभी को सख्त सजा देने की मांग की और फिर अपने गांव का नाम बताते हुए छलांग लगाई।
शकुंतला साहू तीन बेटियों की मां थी, जिनकी उम्र 11, 8 और 2 वर्ष है। आत्महत्या की इस घटना ने तीन बच्चों को बेसहारा कर दिया है। शवों की खोज के लिए प्रशासन ने NDRF टीम को मौके पर बुलाया, लेकिन 600 फीट ऊंचाई से गिरने और वाटरफॉल की तेज धारा के चलते सर्च ऑपरेशन मुश्किल हो गया है।
यह ध्यान देने योग्य है कि बहुती वाटरफॉल पहले भी आत्महत्या के मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है। इसके बावजूद यहां कोई मजबूत सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, जो अब प्रशासन के लिए गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
Share this content: