पिछले कुछ वर्षों में शेयर बाजार में एसएमई और स्मॉलकैप कंपनियों ने निवेशकों को जबरदस्त मुनाफा दिया है। ऐसी ही एक कंपनी है वन पॉइंट वन सॉल्यूशंस, जिसके शेयर ने लंबी अवधि में निवेश करने वालों को करोड़पति बना दिया। इस शेयर की कीमत आज भी 55 रुपये से नीचे है, लेकिन रिटर्न के मामले में इसने बड़े-बड़े दिग्गज शेयरों को पीछे छोड़ दिया है।
वन पॉइंट वन सॉल्यूशंस के शेयरों ने बीते पांच साल में 2000 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है। वहीं तीन साल की अवधि में यह स्टॉक करीब 230 फीसदी का रिटर्न दे चुका है। हालिया प्रदर्शन की बात करें तो एक महीने में इसमें 3 फीसदी से ज्यादा और एक साल में 6 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गई है। मंगलवार को बीएसई पर यह शेयर करीब 2.6 फीसदी चढ़कर 54.70 रुपये तक पहुंच गया।
शेयर में आई इस तेजी की बड़ी वजह कंपनी के शेयरधारकों की ओर से एक अहम प्रस्ताव को मंजूरी मिलना है। कंपनी ने प्रमोटर्स और चुनिंदा नॉन-प्रमोटर निवेशकों को प्रिफेरेंशियल बेस पर फुली कंवर्टेबल वारंट जारी करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे लगभग सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। इस प्रस्ताव के जरिए कंपनी 84 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने जा रही है।
इस योजना के तहत कंपनी 56 रुपये प्रति वारंट की कीमत पर कुल 1.5 करोड़ फुली कंवर्टेबल वारंट जारी करेगी। इनमें 54 रुपये का प्रीमियम शामिल है। ये वारंट आवंटन की तारीख से 18 महीनों के भीतर 2 रुपये फेस वैल्यू के एक इक्विटी शेयर में बदले जा सकेंगे। सेबी के नियमों के मुताबिक, वारंट की कुल वैल्यू का 25 फीसदी आवंटन के समय और बाकी 75 फीसदी कंवर्जन के वक्त चुकाना होगा।
बाजार के जानकारों का मानना है कि इस फंड जुटाने से कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और आगे की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा। हालांकि, विशेषज्ञ यह भी कह रहे हैं कि आने वाले दिनों में शेयर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल, वन पॉइंट वन सॉल्यूशंस का यह सफर एक बार फिर साबित करता है कि कम कीमत वाले सही शेयर में लंबी अवधि का निवेश बड़ा मुनाफा दिला सकता है।
Share this content: