April 30, 2026

एक सवाल… एक जवाब… और बदल गई ज़िंदगी! मंच वही था, चेहरे बदलते गए… लेकिन हर बार भारत की बेटियाँ दुनिया को बता गईं कि असली खूबसूरती दिल और दिमाग में होती है।

मिस वर्ल्ड 2025 के फिनाले की घड़ियां नज़दीक हैं और हैदराबाद में इस बार भारत फिर से इस ताज को घर लाने की उम्मीद में सांसें थामे बैठा है। लेकिन इससे पहले कि नया चेहरा इस ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाए, आइए जानें कि कैसे अब तक की 6 भारतीय सुंदरियों ने सिर्फ अपने सौंदर्य से नहीं, बल्कि चतुराई और संवेदना से मिस वर्ल्ड का मंच जीता।

रीता फारिया – जब जवाब ने बनाई एशिया की पहली मिस वर्ल्ड (1966)
रीता से पूछा गया – “आप डॉक्टर क्यों बनना चाहती हैं?”
इस पर उन्होंने कहा – “भारत में स्त्री रोग विशेषज्ञों की बहुत कमी है।”
जब जज ने तंज़ कसा कि भारत में तो वैसे भी बहुत बच्चे पैदा होते हैं, तो रीता ने तपाक से जवाब दिया – “इसी संख्या को कम करने की तो कोशिश करनी है।”
यही व्यावहारिक सोच और सामाजिक चेतना उन्हें ना सिर्फ भारत, बल्कि पूरे एशिया की पहली मिस वर्ल्ड बना गई।

ऐश्वर्या राय – जब विश्व मंच पर गूंजा इंसानियत का संदेश (1994)
पूछा गया – “अगर आप मिस वर्ल्ड बनती हैं तो क्या करेंगी? और एक मिस वर्ल्ड में क्या गुण होने चाहिए?”
इस पर ऐश्वर्या का जवाब था – “मिस वर्ल्ड एक सच्चा इंसान होना चाहिए जो लोगों में भेदभाव न करे। अगर मुझे ये मौका मिला, तो मैं अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और लगन से निभाऊंगी।”
ऐश्वर्या की खूबसूरती और सोच का संतुलन उन्हें उस रात मिस वर्ल्ड बना गया।

डायना हेडन – जब आत्मविश्वास बना पहचान (1997)
डायना से पूछा गया – “अगर आप मिस वर्ल्ड बनती हैं तो क्या प्राइज मनी डोनेट करेंगी?”
डायना ने बेझिझक कहा – “नहीं, मैंने ये जीता है, इसे मैं अपने परिवार और दोस्तों पर खर्च करूंगी और जहां चाहूं वहां निवेश करूंगी।”
उनके जवाब में आत्मनिर्भरता और स्पष्ट सोच झलक रही थी, जो मिस वर्ल्ड जैसी ज़िम्मेदारी के लिए अहम मानी गई।

युक्ता मुखी – जब भारतीयता और ग्लैमर साथ चले (1999)
सवाल था – “आपका पसंदीदा खाना क्या है? अगर कुछ बन सकतीं तो क्या बनतीं? और किस देश जाना चाहतीं?”
युक्ता ने मुस्कराते हुए कहा – “मैं 20 सालों से इंडियन खाना खा रही हूं और कभी बोर नहीं हुई। मैं ब्रिटिश एक्ट्रेस ऑड्रे हेपबर्न बनना चाहूंगी और फ्रांस के पेरिस जाना चाहती हूं।”
भारतीय संस्कृति से लगाव और वैश्विक सोच का ऐसा संतुलन जजों को बेहद भाया।

प्रियंका चोपड़ा – जब करुणा बनी जीत की कुंजी (2000)
जजों ने पूछा – “दबाव में कैसा महसूस करती हैं? और सबसे प्रेरणादायक जीवित महिला कौन हैं?”
प्रियंका ने जवाब दिया – “मुझ पर कोई दबाव नहीं है। मुझे बहुत लोग प्रेरित करते हैं, लेकिन सबसे ज़्यादा मदर टेरेसा ने किया है। उन्होंने अपनी ज़िंदगी दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए समर्पित कर दी।”
उनकी इस सोच ने दुनिया को दिखाया कि असली सफलता सेवा से आती है।

मानुषी छिल्लर – जब मां को बताया दुनिया का सबसे अहम प्रोफेशन (2017)
फाइनल सवाल था – “दुनिया में किस पेशे को सबसे ज्यादा वेतन मिलना चाहिए और क्यों?”
मानुषी ने जवाब दिया – “मां होना सबसे बेहतरीन जॉब है। मेरी मां हमेशा से मेरी प्रेरणा रही हैं। एक मां सबसे ज़्यादा सैलरी की हकदार है।”
ये जवाब सिर्फ भावनाओं से नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक सशक्त सोच से भरा हुआ था, जिसने उन्हें मिस वर्ल्ड का ताज दिला दिया।

अब इंतजार है… उस नई भारतीय बेटी का, जो आज रात एक सवाल से इतिहास रच सकती है।
क्या 2025 में फिर गूंजेगा – “India is the winner”?
क्या कोई और नाम जुड़ेगा इन 6 सितारों की कतार में?
जवाब मिलेगा आज… लेकिन याद रहेगा वो एक जवाब, जिसने भारत को फिर से गर्व से भर दिया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!