April 19, 2026

हम तेरे 16 टुकड़े करेंगे…” पत्नी के प्रेमी से धमकियां मिलने के बाद थाने पहुंचा शख्स, जानिए पूरा मामला

 

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी का दूसरे समुदाय के युवक से अफेयर है और अब वो युवक अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पीड़ित युवक सतपाल सिंह, रहरा थाना क्षेत्र के गांव बरतौरा का रहने वाला है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह रोते हुए कहता नजर आ रहा है कि, “साहब, वो मेरे 16 टुकड़े कर देंगे… मेरी बीवी का अफेयर दूसरे समुदाय के लड़के से है। अब वो और उसके साथी मेरठ केस की धमकी देकर मुझे डरा रहे हैं।”

पत्नी और प्रेमी पर गंभीर आरोप

सतपाल ने पुलिस को बताया कि उसने करीब 18 साल पहले ममता सैनी नाम की महिला से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं – एक 13 साल का बेटा और 10 साल की बेटी। सतपाल का आरोप है कि उसकी पत्नी का छह सालों से मुरादाबाद के बड़ा बांसका निवासी कासिम से प्रेम संबंध है। वह कई बार इसका विरोध कर चुका है, लेकिन हालात नहीं बदले।

सतपाल के अनुसार, उसकी पत्नी कुछ समय पहले प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी। लेकिन ईद के मौके पर वह प्रेमी के साथ उसके घर आई। इस दौरान दोनों ने पहले सतपाल की पिटाई की, फिर यह धमकी देकर चले गए कि “मेरठ केस में 15 टुकड़े हुए थे, तेरे हम 16 करेंगे।”

डर के साए में जी रहा है पीड़ित

सतपाल ने यह भी बताया कि 2 अप्रैल को उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की, उसकी चारपाई और दवा तक घर से बाहर फेंक दी। पीड़ित ने आशंका जताई है कि कहीं उसका भी वही हाल न हो जाए, जो मेरठ केस में सौरभ सिंह का हुआ था।

फिलहाल, सतपाल की शिकायत पर रहरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोप कितने सही हैं और दोनों पक्षों के बीच सच क्या है। पीड़ित ने कहा कि उसे अब अपनी जान का डर सताने लगा है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा और समाज में बढ़ते क्राइम के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि सतपाल के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!