June 11, 2026

मेरठ: रिटायर्ड दारोगा और पत्नी ने घर में लगाई फांसी, गंगानगर में नौकरानी ने देखे फंदे से लटके शव

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गंगानगर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड दारोगा लल्लू सिंह और उनकी पत्नी के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रक्षापुरम क्षेत्र की है, जहां बुधवार सुबह नौकरानी काम करने घर पहुंची तो दोनों के शव पंखे से लटके देख उसकी चीख निकल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लल्लू सिंह अपनी पत्नी के साथ घर में रहते थे। रोज की तरह सुबह जब नौकरानी सफाई करने पहुंची तो घर के दरवाजे खुले मिले। अंदर जाने पर उसने दंपति को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद उसने पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, मृतक दंपति के एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनसे भी पूछताछ की जा रही है। बेटा एयरफोर्स से रिटायर्ड बताया जा रहा है, जबकि बेटी अपने ससुराल में रहती है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!