April 29, 2026

मेरठ: मवाना कस्बे में रात के समय ‘I Love Mohammad’ पोस्टर लगाए गए, पुलिस ने शुरू की जांच

मेरठ के मवाना कस्बे में देर रात कुछ मकानों की दीवारों और दरवाजों पर ‘I Love Mohammad’ लिखे पोस्टर चस्पा किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी पोस्टरों को हटवाकर जांच शुरू कर दी। घटना के कारण स्थानीय लोग परेशान हैं और माहौल बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पोस्टर खासतौर पर मोहल्ला मुन्नालाल निवासी इमरान भोला, इरशाद, फुरकान और गुलफाम के घरों पर लगाए गए। मकान मालिकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और जांच के लिए टीमें गठित की हैं। देर रात पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में ‘I Love Mohammad’ पोस्टर विवाद के चलते हाई अलर्ट जारी है। बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं में सुरक्षा कड़े कर दी गई है। 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक इंटरनेट, ब्रॉडबैंड और एसएमएस सेवाएं कुछ इलाकों में निलंबित की गई थीं ताकि शांति और व्यवस्था बनी रहे।

इस घटना ने मवाना कस्बे में लोगों को चिंता में डाल दिया है और प्रशासन से जल्द से जल्द जिम्मेदारों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठ रही है। पुलिस मामले की पूरी तरह से जांच कर रही है और पोस्टर लगाने वालों को पकड़ने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!