लुटेरी दुल्हन गैंग का यूपी में भंडाफोड़, पुलिस ने पकड़े 9 आरोपी, कई राज्यों में मचाया था आतंक
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में एक ऐसा ठगी रैकेट सामने आया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। यह मामला लुटेरी दुल्हन गैंग का है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के माध्यम से शादियां रचाकर दूल्हों को लाखों रुपये का चूना लगाता था। इस गैंग की सरगना गुलशन रियाज खान है, जो अलग-अलग नामों से शादी करती थी और हर राज्य में अपनी पहचान बदलती थी। गुलशन ने गुजरात में काजल, हरियाणा में सीमा, बिहार में नेहा, और उत्तर प्रदेश में स्वीटी या काजल के नाम से कई शादियां की हैं।
गुलशन और उसका गैंग ऐसे पुरुषों को टार्गेट करता था जिनकी शादी नहीं हो रही थी। इन लोगों का तरीका बेहद चालाक था। शादी करने के लिए ये लोग दूल्हे से हजारों रुपये लेते थे, और फिर दुल्हन बनकर शादी रचाई जाती थी। इसके बाद अचानक ही दुल्हन गायब हो जाती या फिर उसे अगवा कर लिया जाता था। इन घटनाओं को लेकर गैंग के सदस्य यह दिखाते थे कि किसी और ने दुल्हन को किडनैप कर लिया है, जबकि असल में वह खुद ही शादी के बाद अपनी सारी संपत्ति लेकर भाग जाती थी।
अंबेडकरनगर में हुई एक घटना के दौरान, जब एक युवक सोनू ने पुलिस को सूचित किया कि उसकी पत्नी सीमा उर्फ काजल को बाइक सवार लोगों ने अगवा कर लिया है, तो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। जल्द ही पुलिस को इस गैंग के 9 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 72,000 रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, 11 मोबाइल फोन और कई फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।
गुलशन और उसके गैंग के सदस्य शादियों के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करते थे। महिलाओं के गिरोह के सदस्य दुल्हन के परिवारवालों से रिश्तेदारियों और अन्य कामों के बहाने शादी के दिन मदद करते थे। फिर शादी के बाद दुल्हन या तो भाग जाती थी या फिर उसे अगवा कर लिया जाता था। अब तक यह गैंग कई राज्यों में लोगों को ठग चुका है और पुलिस इस मामले में और भी गहरे तौर पर जांच कर रही है।
अंबेडकरनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने इस गैंग का पर्दाफाश करते हुए बताया कि यह गैंग अब तक कई राज्यो में अपनी ठगी का खेल खेल चुका है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जांच भी की जा रही है कि कहीं और भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दिया गया है। गैंग के सदस्य और भी लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अन्य राज्यों से भी सबूत जुटा रही है ताकि लुटेरी दुल्हन गैंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
Share this content:
