लखनऊ में जेल अधिकारी ने डिलीवरी बॉय को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
लखनऊ के तेलीबाग इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जेल विभाग के एक अधिकारी ने महज पहली मंजिल पर पार्सल न पहुंचाने की बात पर एक डिलीवरी बॉय की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें अधिकारी की बर्बरता साफ दिखाई दे रही है। यह मामला पीजीआई थाना क्षेत्र के सैनिक नगर कॉलोनी का है, जहां आरोपी अधिकारी की पत्नी के नाम पर एक मकान है।
डिलीवरी करने आया युवक आदित्य यादव, जो कि प्राइवेट कंपनी में काम करता है, अपने तय स्थान पर पार्सल लेकर पहुंचा था। महिला ग्राहक ने उससे कहा कि वह सामान पहली मंजिल पर लेकर आए, लेकिन आदित्य ने साफ कह दिया कि कंपनी पॉलिसी के तहत फ्लैट डिलीवरी के लिए अतिरिक्त चार्ज देना होगा। इससे नाराज महिला ने किसी को फोन किया, और कुछ ही देर में एक काली SUV में सवार व्यक्ति वहां पहुंचा।
गाड़ी से उतरते ही वह व्यक्ति, जो बाद में जेल विभाग का अधिकारी निकला, आदित्य पर बरस पड़ा। उसने पहले डिलीवरी बॉय से मोबाइल छीना, फिर उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डिलीवरी बॉय लगातार माफी मांगता रहा, लेकिन अधिकारी रुका नहीं। मारपीट के बाद उसने आदित्य को गेट से बाहर धक्का देकर निकाला।
इस घटना का वीडियो कॉलोनी के ही किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। डिलीवरी बॉय आदित्य की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी गई है, और अब मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अधिकारी जेल विभाग का एक वरिष्ठ कर्मचारी है और उस पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं और दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Share this content:
