लखनऊ में एसी सर्विस के बहाने घर में घुसकर सचिवालय अफसर की पत्नी पर हमला, हालत गंभीर
लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में बुधवार दोपहर दो युवक एसी ठीक करने के बहाने सचिवालय अफसर के घर में घुस आए और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के दौरान लुटेरे महिला से चेन, अंगूठी और बाली लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर उन्होंने महिला की गर्दन धारदार हथियार से रेत दी और हाथों पर भी हमला किया।
घटना इंदिरानगर की राजकीय कॉलोनी, मकान नंबर बी-32 की है, जहां उत्तर प्रदेश सचिवालय में साइंस ऐंड टेक्नॉलजी विभाग के अनुसचिव हरिश्चंद्र पांडेय रहते हैं। उनके मुताबिक, दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी पत्नी शशि पांडेय (45) घर में थीं और बेटा श्रयांश व भतीजा यशु दूसरे कमरे में आराम कर रहे थे। तभी दो युवक बाइक से आए और एसी सर्विसिंग के बहाने दरवाजा खटखटाया।
शशि पांडेय ने गेट खोला तो दोनों अंदर घुस आए और जेवर छीनने लगे। विरोध करने पर उन्होंने महिला पर धारदार हथियार से हमला किया और सिर दीवार से भी टकरा दिया। गंभीर रूप से घायल शशि को बेटा और भतीजा अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित अफसर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Share this content:
