भारत की अग्रणी हेल्थकेयर कंपनी नारायणा हेल्थ ने यूनाइटेड किंगडम के हेल्थ सेक्टर में बड़ी एंट्री की है। कंपनी ने यूके की प्रैक्टिस प्लस ग्रुप हॉस्पिटल्स को खरीदने की घोषणा की है। करीब 2,200 करोड़ रुपये (लगभग 188.78 मिलियन पाउंड) के इस सौदे से नारायणा हेल्थ अब यूके के पांचवें सबसे बड़े निजी अस्पताल नेटवर्क का संचालन करेगी। यह अधिग्रहण भारत की हेल्थ इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे नारायणा हेल्थ अब दुनिया के कई देशों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है।
प्रैक्टिस प्लस ग्रुप यूके में 12 अस्पतालों और सर्जरी सेंटर का संचालन करता है, जो आंख, हड्डी और सामान्य सर्जरी में विशेषज्ञता रखते हैं। हर साल यहां करीब 80,000 सर्जरी होती हैं। अब इन सभी संस्थानों को नारायणा हेल्थ के नेटवर्क में शामिल किया जाएगा। कंपनी के संस्थापक और चेयरमैन डॉ. देवी प्रसाद शेट्टी ने कहा कि यह साझेदारी उनके विजन के अनुरूप है—“बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति तक सस्ती दरों पर पहुंचनी चाहिए।” वहीं, प्रैक्टिस प्लस ग्रुप के सीईओ जिम ईस्टन ने कहा कि नारायणा हेल्थ की मानव-केंद्रित सेवाओं के साथ जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है।
बेंगलुरु मुख्यालय वाली नारायणा हेल्थ पहले से ही भारत और कैरेबियन में अस्पतालों का संचालन करती है। इसके पास 18,000 से अधिक कर्मचारी और करीब 3,800 डॉक्टर हैं। कंपनी की सहायक इकाइयों में नारायणा वन हेल्थ और नारायणा हेल्थ इंश्योरेंस शामिल हैं। अब इस नए अधिग्रहण के साथ नारायणा हेल्थ न केवल भारत की, बल्कि एशिया की सबसे तेजी से बढ़ती हेल्थकेयर कंपनियों में शामिल हो गई है। यह सौदा भारतीय चिकित्सा सेवाओं की वैश्विक पहचान को एक नई ऊंचाई देने वाला साबित होगा।
Share this content: