लखनऊ: त्रिपुरा के सीएम से मिलने पहुंचा फर्जी IRS अधिकारी गिरफ्तार, दिल्ली में चलाता था कोचिंग सेंटर

लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में पुलिस ने एक फर्जी आईआरएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है, जो त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा से मिलने होटल मैरिएट पहुंचा था। आरोपी की पहचान बिहार निवासी प्रशांत मोहन के रूप में हुई है, जो दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग चलाता था। पुलिस के अनुसार, प्रशांत खुद कई बार यूपीएससी परीक्षा दे चुका था, लेकिन असफल रहा। खुद को आईआरएस अधिकारी बताकर वह लोगों को प्रभावित करता था और होटल स्टाफ के सामने भी अपनी पहचान का झूठा रौब दिखाता था।

30 अक्टूबर को जब त्रिपुरा के मुख्यमंत्री लखनऊ पहुंचे, तो प्रशांत उनसे मुलाकात के लिए होटल के भीतर पहुंच गया। बातचीत के दौरान उसकी बातें संदिग्ध लगीं, जिससे सीएम की सुरक्षा टीम को शक हुआ। तुरंत ही उसकी जांच की गई और विभूतिखंड पुलिस को सूचना दी गई। पूछताछ में आरोपी के झूठ का पर्दाफाश हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

विभूतिखंड थाने के इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने अन्य राज्यों में भी इस तरह की ठगी की है। आरोपी के ड्राइवर से भी पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच रही है कि उसने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर कहीं सरकारी लाभ या अन्य सुविधाएं तो नहीं लीं।

Share this content:

About The Author

You may have missed