May 1, 2026

लखनऊ में गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी पर्व: CM योगी बोले- सिख गुरुओं का योगदान भारत की सनातन परंपरा में अविस्मरणीय

लखनऊ में मंगलवार को आयोजित गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख गुरुओं के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन परंपरा में सिख गुरुओं का योगदान अविस्मरणीय और प्रेरणादायी है। योगी ने कहा कि “गुरबाणी में लिखा है, जहां भी गुरु महाराज के पावन चरण पड़ते हैं, वह स्थान राम राज्य के समान पवित्र हो जाता है।” उन्होंने इसे राष्ट्र के लिए आध्यात्मिक सौभाग्य बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु परंपरा ने भारत को केवल आस्था नहीं, बल्कि राष्ट्र की रक्षा, सेवा और बलिदान का आदर्श भी दिया है। उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि इस विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक इसकी प्रेरणा पहुंचाई जाए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, यूपी के मंत्री सुरेश खन्ना, बलदेव सिंह औलख और कई गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

योगी ने कहा कि लखनऊ का यहियागंज गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर जी और गुरु गोविंद सिंह जी की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है, जो हमारी साझा आस्था और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु चरण यात्रा केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए मार्गदर्शन है, जो देशभर में एकता, श्रद्धा और आध्यात्मिक जागरण का संदेश दे रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!