May 3, 2026

लखनऊ: निजी यूनिवर्सिटी के वॉशरूम में छात्राओं के बनाए जा रहे थे अश्लील वीडियो, सफाईकर्मी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शर्मनाक घटना सामने आई है। मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में सफाईकर्मी द्वारा छात्राओं के वॉशरूम में चोरी-छिपे अश्लील वीडियो बनाए जाने का मामला उजागर हुआ है। छात्राओं की शिकायत पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच की तो यह आरोप सच निकला। आरोपी सफाईकर्मी के मोबाइल से कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद हुए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान अरुण कुमार के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। कई दिनों से छात्राओं को शक था कि जब वे वॉशरूम जाती हैं तो अरुण वहां संदिग्ध तरीके से मंडराता रहता है। छात्राओं ने अपनी आशंका विश्वविद्यालय प्रशासन को बताई, जिसके बाद आरोपी को बुलाकर पूछताछ की गई। जब उससे उसका मोबाइल मांगा गया, तो वह घबरा गया। मोबाइल की जांच करने पर वॉशरूम में जाने वाली कई छात्राओं की तस्वीरें और वीडियो मिले।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। मड़ियांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो कहीं और शेयर या अपलोड तो नहीं किए गए।

छात्राओं और प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। वहीं, इस घटना से विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मचा हुआ है और छात्राओं में डर का माहौल बना हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!