श्रीनगर में आयोजित अपने हालिया लाइव कॉन्सर्ट के दौरान मशहूर गायक सोनू निगम ने ऐसा कदम उठाया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। जैसे ही मंच पर वह अपने मशहूर गाने सुना रहे थे, उसी दौरान पास की मस्जिद से अजान की आवाज गूंजने लगी। सोनू ने तुरंत गाना बीच में रोक दिया और दर्शकों से कहा, “कृपया मुझे दो मिनट दीजिए, यहां अजान शुरू होने वाली है।” उनके इस कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखकर फैंस ने उनकी तारीफों के पुल बांध दिए।
फैंस ने की तारीफ, कुछ ने दिलाया पुराना बयान याद
वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनू निगम अपने बैंड के साथ स्टेज पर मौजूद थे, तभी उन्होंने अजान शुरू होते ही परफॉर्मेंस रोक दी। दर्शकों ने उनकी इस संवेदनशीलता पर तालियां बजाकर सम्मान जताया। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके इस कदम की सराहना कर रहे हैं, हालांकि कुछ यूजर्स ने 2017 का उनका विवादित ट्वीट याद दिलाकर आलोचना भी की। उस वक्त सोनू ने सुबह अजान की आवाज से नींद खुलने की बात करते हुए लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी, जिस पर काफी बवाल मचा था।
2017 के विवाद के बाद बदला नजरिया?
सोनू निगम के इस ताजा कदम को लोग उनके बदले हुए रवैये के रूप में देख रहे हैं। कई फैंस का कहना है कि यह उनकी परिपक्वता और धार्मिक संवेदनशीलता का उदाहरण है। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि यह घटना दिखाती है कि सोनू ने अतीत से सबक लिया है और अब वह हर धर्म की भावनाओं का सम्मान कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कभी-कभी एक छोटा-सा कदम भी बड़ी सकारात्मक मिसाल बन सकता है।
Share this content:
