कौशांबी: चाची-भतीजे के प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत, चाची ने खाया जहर, भतीजे ने भी लिया वही रास्ता
कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के हटवा रामपुर से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 36 वर्षीय विमला देवी और उसके भतीजे 20 वर्षीय विशोक उर्फ रामराज के बीच दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। हालांकि यह रिश्ता समाज और परिवार की नजरों में जायज नहीं माना गया। जब परिवार ने इन दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा, तो दोनों के मिलने पर पाबंदी लगा दी गई।
परिवार की रोक के बावजूद चाची और भतीजे का लगाव कम नहीं हुआ। दोनों एक-दूसरे से जुदाई बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे। घर में लगातार झगड़े और तनाव बढ़ते गए। इस बीच, चाची विमला ने इस मानसिक दबाव को सहन नहीं कर पाई और उसने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
चाची की मौत की खबर सुनते ही भतीजा विशोक ने भी खुदकुशी का प्रयास किया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जीवन की जंग लड़ रहा है। अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत अभी नाजुक बताई जा रही है।
विमला देवी के भाई ने भतीजे विशोक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विशोक उनकी बहन को परेशान करता था और उसके साथ संबंध बनाने की कोशिश करता था, जिसकी वजह से चाची ने यह कदम उठाया। वहीं, विशोक की मां गुड़िया देवी ने बताया कि मोबाइल पर दोनों के बीच बातचीत को लेकर दो साल पहले भी विवाद हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के बाद दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम और प्रारंभिक पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है।
Share this content:
