May 1, 2026

न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में जोहरान ममदानी की एंट्री, अमिताभ बच्चन के डायलॉग से मांग रहे वोट

युगांडा में जन्मे और भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहरान ममदानी ने 2025 में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। महज 33 वर्षीय ममदानी ने अपने प्रचार अभियान को दिलचस्प अंदाज़ में शुरू किया है, जिसमें वे बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्म दीवार के चर्चित डायलॉग – “मेरे पास मां है” – को ट्विस्ट के साथ बोलते हुए मतदाताओं से वोट की अपील कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “करोड़पति के पास सबकुछ है… अब आपका टाइम आएगा।”

ममदानी को अमेरिका की प्रगतिशील नेता एलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज का समर्थन प्राप्त है, जिसने उनकी उम्मीदवारी को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया है। उन्होंने मुफ्त बस सेवा, किराया नियंत्रण, नए किफायती आवास निर्माण और अमीरों पर कर बढ़ाने जैसे मुद्दों को अपने अभियान का हिस्सा बनाया है। आलोचकों का कहना है कि उनके विचार भले ही प्रेरणादायक हों, लेकिन योजनाओं को लागू करने के लिए भारी बजट और राजनीतिक समर्थन जरूरी है, जो इतनी आसानी से संभव नहीं होगा।

जोहरान ममदानी का जन्म युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था, लेकिन वे सात वर्ष की उम्र में न्यूयॉर्क आकर बस गए थे। उनकी मां प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मीरा नायर हैं और पिता महमूद ममदानी कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। 2020 में वे पहली बार न्यूयॉर्क राज्य विधानसभा के लिए चुने गए थे और उन्होंने शहर में मुफ्त बस सेवा का एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू कराके ध्यान खींचा था।

अगर वे चुनाव जीतते हैं, तो वे न्यूयॉर्क शहर के पहले मुस्लिम और पहले भारतीय मूल के मेयर बन जाएंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें युवा प्रगतिशील वोटर्स के अलावा, मुख्यधारा के उदार और पारंपरिक मतदाताओं को भी अपने पक्ष में करना होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!