झारखंड में करणी सेना नेता की गोली मारकर हत्या, जमशेदपुर में मिला शव
झारखंड की औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव एनएच-33 के पास एक सुनसान इलाके में पाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार देर रात लावारिस हालत में मिला यह शव पुलिस के लिए कई सवाल खड़े कर रहा है। विनय सिंह के सिर में गोली मारी गई थी और उनके शरीर पर भी कई जगह गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
घटनास्थल से पुलिस को एक पिस्टल, मोबाइल फोन और गाड़ी बरामद हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक के हाथ में एक पिस्टल भी मिली है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश तो नहीं। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उनके हाथ में पिस्टल कहां से आई और क्या वह किसी बड़ी साजिश का शिकार हुए।
जमशेदपुर जिले की एमजीएम थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर के एसपी ने एक विशेष जांच टीम गठित की है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि सुराग मिल सके।
विनय सिंह की हत्या के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने डिमना चौक पर एनएच-33 को जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के समझाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम को हटाया गया और स्थिति पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, विनय सिंह जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित आस्था स्पेस टाउन में रहते थे। रविवार को उन्होंने अपने किसी दोस्त से कहा था कि वह जमीन देखने जा रहे हैं और उसी सिलसिले में घर से निकले थे। लेकिन जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसके बाद उनका शव बरामद हुआ। प्रारंभिक आशंका है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे और एक सुनियोजित योजना के तहत हत्या को अंजाम दिया गया।
Share this content:
