झारखंड में पत्नी ने पति की गला रेतकर हत्या की, फिर बच्चों समेत अज्ञात शख्स संग फरार
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आदित्यपुर के सतबहनी धीराजगंज इलाके में एक महिला ने अपने पति की पहले गला रेतकर और फिर जलाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह अपने तीन बच्चों को लेकर किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ फरार हो गई।
मृतक की पहचान गिरिडीह निवासी राजेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है, जो डीडी स्टील में लैब टेक्नीशियन के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि पत्नी को राजेश पर अवैध संबंधों का शक था। सोमवार को वह अपने बच्चों के साथ आदित्यपुर आई और पति पर साथ रहने का दबाव बनाया। इसके बाद उन्होंने एक मकान किराये पर लिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे। गुरुवार रात घर में एक अज्ञात व्यक्ति आया था, जिसे राजेश ने दुकानदार को अपना साला बताया था। आशंका है कि उसी रात पत्नी ने उसी व्यक्ति की मदद से राजेश की हत्या कर दी और शव को कमरे में छोड़कर बच्चों समेत फरार हो गई।
शनिवार सुबह कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खून से लथपथ शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हत्या में पत्नी की संलिप्तता सामने आ रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार महिला की तलाश जारी है।
Share this content:
