May 1, 2026

श्रेयस अय्यर ICU में भर्ती, पसलियों की गंभीर चोट से हालत नाजुक – BCCI ने दी बड़ी जानकारी

भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर को सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें ICU (इंटेंसिव केयर यूनिट) में रखा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अय्यर को आंतरिक रक्तस्राव (Internal Bleeding) की शिकायत है, जिसके चलते डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उन्हें ICU में एडमिट किया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों ने कम से कम 5 से 7 दिन तक अस्पताल में निगरानी में रखने की सलाह दी है।

अय्यर को यह गंभीर चोट सिडनी वनडे के दौरान लगी थी। मैच के तीसरे और आखिरी मुकाबले में वह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी का कैच लेने के प्रयास में बुरी तरह घायल हो गए थे। 34वें ओवर में हर्षित राणा की गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट पर दौड़ लगाकर अय्यर ने शानदार कैच तो पकड़ लिया, लेकिन गिरते वक्त उनकी पसलियों पर गहरी चोट आ गई। उस वक्त वह दर्द से तड़पते हुए मैदान पर ही गिर पड़े थे और मेडिकल टीम को तुरंत मैदान में बुलाना पड़ा।

मैच के तुरंत बाद उन्हें सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरू में मामूली चोट समझी गई थी, लेकिन स्कैन रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि उनकी चोट स्पिलिन (Spleen) तक पहुंच गई है, जिससे आंतरिक रक्तस्राव हुआ है। यही वजह है कि डॉक्टरों ने बिना जोखिम लिए उन्हें ICU में शिफ्ट किया। बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह ठीक होने में समय लग सकता है।

BCCI ने श्रेयस अय्यर की हालत पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया है कि खिलाड़ी की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। बोर्ड के सेक्रेटरी देवजीत साइकिया ने कहा कि “श्रेयस की स्पिलिन में चोट है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है। वह स्थिर हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। BCCI की मेडिकल टीम सिडनी के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के संपर्क में है और हर घंटे अपडेट ले रही है।”

हालांकि, श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी T20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, फिर भी टीम मैनेजमेंट ने उन्हें वहीं रोक लिया है ताकि इलाज में कोई कमी न रह जाए। फिलहाल उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है और उनकी रिकवरी पर रोजाना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

भारतीय टीम के फैंस और क्रिकेट जगत से शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। टीम इंडिया के साथी खिलाड़ियों ने भी कहा है कि वे अय्यर की जल्द वापसी का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि उनकी मौजूदगी टीम के मध्यक्रम के लिए बेहद अहम मानी जाती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!