ब्लैकमेलिंग से परेशान छात्र ने हॉस्टल में लगाई फांसी, सहपाठी छात्रा गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जवाहरलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज, सुंदरनगर में एक कंप्यूटर साइंस के छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र चौथे सेमेस्टर में पढ़ रहा था।
घटना के बाद जब कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो साथी छात्रों ने दरवाजा तोड़ा और छात्र को पंखे से लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
छानबीन के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें छात्र ने आत्महत्या के लिए कॉलेज की ही दूसरे सेमेस्टर की एक छात्रा को जिम्मेदार ठहराया। इसके आधार पर पुलिस ने छात्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि छात्रा ने उनके बेटे को लगातार ब्लैकमेल किया, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया और आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने छात्रा के खिलाफ IPC की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी छात्रा को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Share this content:
