ये रिश्ता… या फिर नागिन, किस सीरियल को खुद के लिए ज्यादा सक्सेसफुल मानती हैं हिना खान?
टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री हिना खान ने हाल ही में अपने करियर और कमाई को लेकर खुलकर बात की है। हिना खान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत निर्माता राजन शाही के सुपरहिट टीवी सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से की थी, जहां उन्होंने अक्षरा का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी पहचान बनाई। यह शो न सिर्फ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, बल्कि उन्हें टीवी की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों की सूची में भी शामिल कर गया।
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की सफलता के बाद हिना खान की फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ। इसके बाद उन्होंने 2018 में ‘कसौटी जिंदगी की’ में कोमोलिका जैसे दमदार निगेटिव किरदार से दर्शकों को चौंका दिया। इसके अलावा हिना ‘खतरों के खिलाड़ी सीजन 8’ का हिस्सा रहीं और ‘बिग बॉस सीजन 11’ में रनर-अप बनकर रियलिटी शोज़ में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान हिना खान से सवाल किया गया कि उनके लिए कौन सा प्रोजेक्ट आर्थिक रूप से ज्यादा फायदेमंद रहा—राजन शाही का ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ या फिर एकता कपूर का ‘नागिन’। इस पर हिना ने बेहद प्रैक्टिकल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ‘नागिन 5’ उन्होंने बहुत कम समय के लिए किया था, जबकि एकता कपूर के साथ कोमोलिका के किरदार के लिए उन्होंने करीब 6 से 7 महीने काम किया।
हिना खान ने साफ कहा कि अगर पैसों और फाइनेंशियल सक्सेस की बात की जाए, तो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ उनके करियर का सबसे बड़ा और अहम प्रोजेक्ट रहा है। उन्होंने इस शो में करीब 8 साल तक लगातार काम किया और उनकी अधिकांश संपत्ति इसी सीरियल से आई। उनके मुताबिक, बाद में भले ही उन्होंने कई बड़े और चर्चित प्रोजेक्ट्स किए हों, लेकिन आर्थिक रूप से सबसे मजबूत आधार उन्हें ‘ये रिश्ता’ ने ही दिया।
टीवी के अलावा हिना खान ने रियलिटी शोज़, वेब सीरीज और फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। ‘हैक्ड’, ‘अनलॉक’ और ‘शिंडा शिंडा नो पापा’ जैसी फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीज ‘ग्रिहा लक्ष्मी’ और ‘नामाकूल’ में भी वह नजर आ चुकी हैं। हाल ही में वह अपने पति रॉकी जायसवाल के साथ शो ‘पति पत्नी और पंगा’ में दिखाई दीं, जहां दोनों की जोड़ी को दर्शकों से खूब प्यार मिला।
Share this content:
