HDFC Bank और SBI की बाजार में धूम, दिग्गज कंपनियों की चमक की फीकी
पिछले हफ्ते शेयर बाजार में देश के दो बड़े बैंकों ने सबसे ज्यादा चमक दिखाई। एचडीएफसी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के मार्केट कैप में जबरदस्त इजाफा हुआ, जबकि कई दिग्गज कंपनियों के वैल्यूएशन में गिरावट दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक, देश की टॉप 10 कंपनियों में से 5 कंपनियों ने मिलकर 60,675.94 करोड़ रुपए का फायदा कमाया, वहीं दूसरी 5 कंपनियों को कुल 39,609.83 करोड़ रुपए का घाटा झेलना पड़ा।
पिछले सप्ताह शेयर बाजार केवल चार दिन खुला था, लेकिन इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में मजबूती देखने को मिली। सेंसेक्स 739.87 अंक यानी 0.92 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी 268 अंक या 1.10 प्रतिशत मजबूत हुआ। इस बढ़त में सबसे बड़ा योगदान एचडीएफसी बैंक और एसबीआई का रहा, जिन्होंने अकेले करीब 35 हजार करोड़ रुपए का मार्केट कैप जोड़ा।
भारतीय स्टेट बैंक का वैल्यूएशन 20,445.82 करोड़ रुपए बढ़कर 7,63,095.16 करोड़ रुपए हो गया, जो सभी टॉप कंपनियों में सबसे अधिक है। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 14,083.51 करोड़ रुपए बढ़कर 15,28,387.09 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। इनके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और इन्फोसिस जैसी कंपनियों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया और उनके वैल्यूएशन में भी बढ़ोतरी देखी गई।
दूसरी ओर, कई बड़ी कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा। एलआईसी का मार्केट कैप 15,306.5 करोड़ रुपए घट गया और यह 5,61,881.17 करोड़ रुपए पर आ गया। इसी तरह बजाज फाइनेंस का वैल्यूएशन 9,601.08 करोड़ रुपए घटकर 5,35,547.44 करोड़ रुपए रह गया। टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी कंपनियां भी इस गिरावट से अछूती नहीं रहीं।
साफ है कि शेयर बाजार में फिलहाल बैंकिंग सेक्टर ने अपना दबदबा बनाया हुआ है। एचडीएफसी बैंक और एसबीआई की मजबूती ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है, जबकि दूसरी ओर दिग्गज कंपनियों की कमजोरी ने संतुलन बिगाड़ा। आने वाले हफ्ते में बाजार किस दिशा में जाएगा, यह कंपनियों के नतीजों और वैश्विक संकेतों पर निर्भर करेगा।
Share this content:
