ज्योतिषी सैयद हसन रजा ने भविष्यवाणी की: “योगी सरकार की ताकत और बढ़ेगी”
उत्तर प्रदेश के मुगलसराय से ताल्लुक रखने वाले सैयद हसन रजा एक ऐसे ज्योतिषाचार्य हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और अध्ययन से इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। वह अब तक 1000 से ज्यादा कुंडली देख चुके हैं और ज्योतिष के क्षेत्र में एक सफल और सम्मानित नाम बन चुके हैं। वाराणसी के ज्योतिष विभाग से अपनी स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने इग्नू से ज्योतिष में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की है।
हसन रजा का कहना है कि ज्योतिष के प्रति उनकी रुचि एक खास कुरान की आयत से प्रेरित हुई। वह बताते हैं कि “सूरह-अत-तक्वीर (81) की आयत नंबर 15 में ये कहा गया है कि मुझे कसम है उन तारों की जो आगे चलते हैं फिर पीछे लौट आते हैं”, और यह आयत ही थी जिसने उनके मन में ज्योतिष के क्षेत्र में दिलचस्पी पैदा की। इस आयत ने उन्हें तारों के गतिशीलता की गहराई से समझने का प्रेरित किया।
सैयद हसन रजा ने हाल ही में ज्योतिष के आधार पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भविष्य पर एक खास टिप्पणी की है। उनके अनुसार, “29 मार्च के बाद शनि का गोचर बदलेगा और गुरू की राशि मीन में जाएगी। साथ ही कन्या राशि पर केतु का गोचर हो रहा है। इन सभी स्थितियों के परिणामस्वरूप यूपी में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।” उनका मानना है कि इस परिवर्तन के बाद उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की स्थिति और मजबूत होगी और शासन व्यवस्था की दिशा भी सही होगी। हसन रजा के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी की प्रशासनिक क्षमता में वृद्धि होगी और लोगों का उनपर भरोसा और बढ़ेगा।
सैयद हसन रजा ने यह भी बताया कि उनके जीवन में उनके दादा का बहुत बड़ा प्रभाव था। उनके दादा के द्वारा मौसम और नक्षत्रों पर कहे गए कहावतों ने उन्हें प्रभावित किया। स्नातक के बाद जब उन्होंने ज्योतिष विभाग में एडमिशन लेने का निर्णय लिया, तो उन्हें संकोच हुआ, लेकिन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के गुरु-शिष्य परंपरा ने उनका मार्गदर्शन किया। उन्हें आचार्य सुभाष पाण्डेय, आचार्य विनय पाण्डेय और आचार्य शत्रुघ्न त्रिपाठी जैसे महान गुरुजनों का आशीर्वाद मिला, जिन्होंने उन्हें अपने ज्ञान से समृद्ध किया।
सैयद हसन रजा का कहना है कि ज्योतिष में उनके जीवन की यात्रा अभी भी जारी है, और वह भविष्य में और अधिक कुंडली और ग्रहों के परिवर्तन से समाज और देश के लिए उपयोगी भविष्यवाणियां करते रहेंगे। उनके लिए ज्योतिष सिर्फ एक शास्त्र नहीं बल्कि जीवन का उद्देश्य और दिशा है।
Share this content:
