हरियाणा के नूंह जिले में एक और पेपर लीक की घटना, 10वीं का मैथ पेपर भी हुआ आउट, परीक्षा रद्द
हरियाणा के नूंह जिले में पेपर लीक की एक और बड़ी घटना सामने आई है, जहां हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा का मैथ का पेपर लीक हो गया। यह घटना गुरुवार को हुए 12वीं कक्षा के अंग्रेजी पेपर लीक के बाद हुई है, जिसे बाद में रद्द कर दिया गया था। इस बार 10वीं कक्षा का मैथ पेपर नूंह के पुनहाना खंड स्थित एलडीएम पब्लिक स्कूल में लीक हुआ है। पुलिस ने पूरे स्कूल को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, आज (शुक्रवार) को 10वीं कक्षा का मैथ पेपर शुरू होते ही लीक हो गया। यह घटना बिलकुल उसी तरह घटी जैसे गुरुवार को नूंह जिले के टपकन गांव स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इंग्लिश पेपर लीक हुआ था। मैथ पेपर लीक होने के बाद तुरंत ही इसे रद्द कर दिया गया और अब इसकी नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि इस लीक मामले में जांच तेज कर दी गई है और आरोपी पकड़े जा रहे हैं। बीते गुरुवार को इंग्लिश पेपर लीक होने के बाद पुलिस ने दो शिक्षकों और तीन छात्रों को गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही पुलिस वॉट्सऐप ग्रुप में पेपर शेयर करने वाले आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।
नूंह जिले में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि छात्रों और अभिभावकों के बीच रोष बढ़ता जा रहा है।
Share this content:
