May 3, 2026

हरियाणा में पिता की हत्या कर मातम मनाते रहे बेटे, पुलिस ने ऐसे सुलझाई रहस्यमयी मर्डर मिस्ट्री

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के संगवाड़ी गांव में हुए एक सनसनीखेज मर्डर केस में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। 31 मई को कालाका नहर के पास एक अज्ञात शव मिला था, जिसकी पहचान संगवाड़ी गांव निवासी लाल सिंह के रूप में हुई। शव मिलने के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को शव स्थल और गांव के बीच के रास्ते में खून के निशान मिले। गहराई से छानबीन के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस हत्या को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के ही दो बेटों ने एक दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया था।

पुलिस ने दो आरोपियों – मोहित (मृतक का बेटा) और पवन खुशवाह (सहयोगी) को गिरफ्तार कर लिया है। पवन मूल रूप से मथुरा का निवासी है और फिलहाल रेवाड़ी के बनीपुर चौक के पास किराये पर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, लाल सिंह की हत्या लोहे की मुसली (सलाईनुमा हथियार) से सिर पर वार कर की गई थी। इसके बाद शव को बाइक पर ले जाकर कालका नहर के पास फेंक दिया गया था।

हत्या की वजह:
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हत्या की वजह पारिवारिक जमीन का विवाद था। मोहित ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने भाई रोहित और पवन के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।

तीसरा आरोपी रोहित, जो लाल सिंह का दूसरा बेटा है, पहले से ही एक आर्म्स एक्ट के मामले में न्यायिक हिरासत में है। अब पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर इस हत्याकांड में पूछताछ करेगी।

यह मामला न सिर्फ पारिवारिक दरार का भयावह उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि लालच और आपसी विवाद किस हद तक लोगों को निर्दयी बना सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!