ग्रेटर नोएडा की पॉश सोसाइटी में गार्ड और रेजिडेंट्स के बीच जमकर मारपीट, दूसरी ओर जमीनी विवाद में चली गोलियां
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की अम्रपाली लेजर वैली सोसाइटी में उस वक्त हंगामा मच गया जब वाहन एंट्री को लेकर गार्ड और रेजिडेंट्स के बीच तीखी बहस शुरू हुई और मामला देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक रेजिडेंट बिना एंट्री स्टीकर वाली गाड़ी लेकर सोसाइटी में प्रवेश करना चाहता था, लेकिन सुरक्षा गार्ड ने नियमों का हवाला देते हुए उसे रोक दिया। इस पर रेजिडेंट भड़क गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
आरोप है कि गार्ड के साथ मौजूद अन्य गार्ड्स की भी रेजिडेंट्स ने मिलकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर हमला करते और लाठी-डंडे लहराते हुए देखा जा सकता है। घटना में कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आई हैं।
घटना के बाद सोसाइटी के सुरक्षा प्रभारी ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए अब तक दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इसी के साथ ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां रविवार की रात दो भाइयों नीरज शर्मा और भरत शर्मा के बीच 300 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर झगड़ा हुआ। नीरज शर्मा के पास 77 प्रतिशत, भरत के पास 18 प्रतिशत और कुशल राठी के पास 5 प्रतिशत हिस्सा है। झगड़े के दौरान दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं।
हालांकि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में लिया और दोनों पक्षों के 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भी आगे की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Share this content:
