April 18, 2026

एक हफ्ते में 330 रुपये सस्ता हुआ सोना, 10 ग्राम खरीदने के लिए अब देने होंगे इतने रुपये

पिछले एक सप्ताह में सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है। 26 मई से 31 मई 2025 तक की अवधि में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत में करीब 330 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी दर्ज की गई है। इस दौरान सोने की कीमत 97,640 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 97,310 रुपये हो गई है। यानी प्रति ग्राम कीमत में 33 रुपये की कमी आई है।

गुड रिटर्न्स वेबसाइट के मुताबिक, यह गिरावट वैश्विक बाजारों में आई कमजोरी, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक तनाव जैसे कारणों की वजह से देखी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों की सतर्कता और बदलते वैश्विक संकेतों के चलते सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव का यह दौर फिलहाल जारी रह सकता है।

देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतों में थोड़ा बहुत अंतर देखने को मिल रहा है, लेकिन गिरावट का रुख हर जगह एक जैसा है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 97,460 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 89,350 रुपये पर बिक रहा है। वहीं मुंबई में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 97,310 रुपये और 22 कैरेट की कीमत 89,200 रुपये है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी 24 कैरेट सोने की कीमत 97,460 रुपये और 22 कैरेट की कीमत 89,350 रुपये प्रति 10 ग्राम है। जबकि दक्षिण भारत के प्रमुख शहर चेन्नई में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 97,310 रुपये और 22 कैरेट सोने की कीमत 89,200 रुपये है। यानी चेन्नई और मुंबई जैसे शहरों में अब 1 ग्राम सोना 9,731 रुपये में खरीदा जा सकता है।

वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए निवेशकों और ग्राहकों के लिए यह जरूरी है कि वे बाजार के रुझानों पर बारीकी से नजर रखें। यदि वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बनी रही तो जून के पहले सप्ताह में भी कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में जो ग्राहक सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह सही समय हो सकता है। दूसरी ओर, जिन्होंने ऊंचे दाम पर निवेश किया था, उन्हें थोड़ी सतर्कता बरतनी चाहिए।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!