क्या आप भी ग्लूकोज मीटर पर भरोसा करते हैं? नई स्टडी ने खोला बड़ा राज, स्वस्थ लोगों के लिए ये उपकरण हो सकता है खतरनाक!

भारत में डायबिटीज के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और देश अब इस गंभीर बीमारी का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। 2024 के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में डायबिटीज के 12 करोड़ से ज्यादा मरीज हैं, जो देश की कुल व्यस्क आबादी का 13 प्रतिशत हैं। अनहेल्दी खानपान और खराब लाइफस्टाइल के कारण यह बीमारी न केवल बढ़ रही है, बल्कि अब यह स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर रही है।

ग्लूकोज मीटर का इस्तेमाल अब घर-घर में बढ़ चुका है, ताकि लोग अपने ब्लड शुगर लेवल की जांच कर सकें। लेकिन हाल ही में प्रकाशित एक नई स्टडी ने इस उपकरण की सटीकता पर सवाल उठाए हैं। रिसर्च के अनुसार, घरों में इस्तेमाल होने वाले डिजिटल ग्लूकोज मीटर हमेशा सही रीडिंग नहीं देते, जिससे स्वस्थ लोगों के बीच घबराहट और चिंता का माहौल बन रहा है।

क्या शुगर चेक करना जरूरी है?
नई स्टडी के अनुसार, अगर आप पूरी तरह से स्वस्थ हैं और डायबिटीज जैसी कोई बीमारी नहीं है, तो आपको बार-बार ब्लड शुगर चेक करने की आवश्यकता नहीं है। हमारा शरीर स्वाभाविक रूप से शुगर लेवल को नियंत्रित करता है। हालांकि, यदि आप मोटापे, उच्च रक्तचाप (हाई बीपी) से ग्रस्त हैं, या आपके परिवार में डायबिटीज का इतिहास है, तो आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

ग्लूकोज मीटर की सटीकता पर सवाल
बाथ विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित एक रिसर्च में यह सामने आया कि घर में इस्तेमाल किए जा रहे ग्लूकोज मीटर उतना सटीक परिणाम नहीं देते जितना लोग मानते हैं। ये मीटर विशेष रूप से डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए डिजाइन किए गए हैं, जो अपनी स्थिति पर निगरानी रखना चाहते हैं। लेकिन स्वस्थ लोग जो इसे इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके लिए यह मीटर शुगर लेवल के सही आंकड़े नहीं दे पाता, जिससे वे घबरा जाते हैं।

डाइट में बदलाव से हो सकता है नुकसान
रिसर्च में यह भी पाया गया कि कई बार स्वस्थ लोगों ने ग्लूकोज मीटर के परिणामों के आधार पर अपनी डाइट में बदलाव किया, क्योंकि मीटर पर उनका ब्लड शुगर स्तर अधिक दिखा। इस डर के कारण, उन्होंने अपनी डाइट बदल दी, जिससे उनका पोषण स्तर घट गया और कुछ मामलों में वजन भी कम हो गया। यह सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।

क्या यह स्टडी सचमुच महत्वपूर्ण है?
इस स्टडी का मुख्य उद्देश्य ग्लूकोज मीटर की सटीकता की जांच करना था, और यह साबित हुआ कि ये मीटर हमेशा सही परिणाम नहीं देते हैं। इसलिए, स्वस्थ लोगों को शुगर लेवल की जांच के लिए इन्हें इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। शुगर मीटर का उपयोग न केवल मानसिक चिंता को बढ़ा सकता है, बल्कि यह आपके स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

अब सवाल यह है कि क्या हमें ग्लूकोज मीटर पर इतना भरोसा करना चाहिए या फिर इसकी सटीकता पर नए विचार करने की जरूरत है? क्या स्वस्थ लोगों को इस उपकरण के इस्तेमाल से दूर रहना चाहिए?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!