April 17, 2026

महाराष्ट्र में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) का खतरनाक प्रकोप: मरीजों की संख्या 200 से ऊपर, मौतों का सिलसिला भी जारी

महाराष्ट्र में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, और अब यह एक गंभीर स्वास्थ्य संकट बन चुका है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या 207 तक पहुंच गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 14 फरवरी को दो नए संदिग्ध मरीज भी सामने आए हैं, जिससे मामले और बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है। अब तक 180 मरीजों में GBS की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य मरीजों में बीमारी के लक्षण पाए गए हैं और उनका इलाज जारी है।

इस प्रकोप के कारण अब तक कुल 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें से 4 की मौत गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के चलते हुई है, जबकि बाकी की मौतें GBS के संदिग्ध मरीजों के तौर पर हुई हैं। 13 फरवरी को कोल्हापुर शहर में इस बीमारी से जुड़ी 9वीं मौत हुई, जो एक बड़ा खतरे की घंटी है।

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) एक दुर्लभ ऑटोइम्यून विकार है, जिसमें शरीर की अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली तंत्रिकाओं पर हमला करती है। इसके कारण तंत्रिकाओं के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचता है, जिससे मांसपेशियों में कमजोरी, झुनझुनी और पक्षाघात जैसे लक्षण उत्पन्न होते हैं।

पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं, और यह इलाके अब इस महामारी के केंद्र के रूप में उभर कर सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, GBS के अधिकांश मामले बैक्टीरिया और वायरस संक्रमण के कारण होते हैं, क्योंकि ये संक्रमण प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर कर देते हैं।

इस बीमारी में शरीर के हिस्से अचानक से सुन्न पड़ जाते हैं और मांसपेशियों में गंभीर कमजोरी आ जाती है। विशेष रूप से हाथ और पैरों में कमजोरी जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं। राज्य में जितने भी नए मामले सामने आए हैं, वे सभी संभवतः दूषित जल स्रोतों से जुड़े हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि दूषित पानी और भोजन में पाया जाने वाला बैक्टीरिया “कैम्पिलोबैक्टर जेजुनी” इस प्रकोप का मुख्य कारण हो सकता है।

यह स्थिति महाराष्ट्र के लिए एक बड़ा स्वास्थ्य संकट बन चुकी है, और राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग को इस प्रकोप पर काबू पाना संभव होगा, और क्या आने वाले दिनों में और मौतों की संभावना है?

हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं, और सरकार, चिकित्सक और स्वास्थ्य अधिकारी लगातार इस महामारी के प्रभाव को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच, आम जनता को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है, खासकर दूषित पानी और भोजन से बचने की चेतावनी दी जा रही है। यह देखना होगा कि सरकार इस संकट से कैसे निपटती है और क्या संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!