गाजा: हमास ने 8 लोगों को सड़क पर गोली मारकर दी मौत की सजा, फिलिस्तीनी अथॉरिटी ने की निंदा
गाजा में हमास ने सोमवार शाम आठ लोगों को देशद्रोह और इजराइल समर्थक गतिविधियों के आरोप में मौत की सजा दी। सभी के आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें घुटनों के बल बैठाया गया और बीच सड़क पर गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि हमास ने इस पूरी घटना का वीडियो भी जारी किया है। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब गाजा के कुछ इलाकों में हमास सुरक्षा बलों और हथियारबंद परिवारों के बीच झड़पें चल रही थीं।
फिलिस्तीनी अथॉरिटी (PA) ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। PA ने कहा कि बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के मौत की सजा देना मानवाधिकारों का उल्लंघन है और गाजा में बढ़ते तनाव को और भड़का सकता है। उन्होंने कहा कि गाजा की स्थिति को सुधारने के लिए लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके अपनाने की जरूरत है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि शुजाइया इलाके में हमास सुरक्षा बलों और हिलेस नामक परिवार के बीच भारी गोलीबारी हुई। वहीं, इजराइली सेना के हटने के बाद हमास की पुलिस दोबारा गाजा में सक्रिय हो गई है। इस बीच, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि शांति तभी संभव है जब हमास अपने हथियार छोड़ दे और गाजा में हथियारों की तस्करी पूरी तरह बंद की जाए।
Share this content:
